ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की भिड़ंत मे तीन घायल

 ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की भिड़ंत मे तीन घायल

मनोज पारीक — — राजस्थान

तहसील के कस्बा राजलदेसर-सिमसिया सड़क मार्ग पर आज गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे.....

तहसील के कस्बा राजलदेसर-सिमसिया सड़क मार्ग पर आज गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों सहित तीन लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार सीमेंट के कट्टों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली सिमसिया की ओर जा रही थी। वहीं बाइक सवार युवक राजलदेसर की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान दोनों वाहनों की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे बैठे एक युवक को भी चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घायलों को राजलदेसर के राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद बाइक सवार दोनों युवकों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया। घायलों की पहचान 28 वर्षीय धर्मपाल मेघवाल निवासी सिकराली, 20 वर्षीय शेराराम मेघवाल निवासी जोगलिया और 24 वर्षीय मदन सिंह राजपूत निवासी अलसर के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलने पर राजलदेसर थाने के एएसआई रामनिवास पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने राजकीय चिकित्सालय पहुंचकर घायलों से घटना की जानकारी ली। हादसे की सूचना के बाद अस्पताल में भी लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली सीमेंट के कट्टों से भरी हुई थी और सिमसिया की ओर जा रही थी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश के साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक थाने में हादसे को लेकर किसी पक्ष की ओर से मामला दर्ज नहीं हुआ था।

https://jgnews.live/article/traiktr-tr-lee-aur-baik-kee-bhid-nt-me-teen-ghayl