सिखों की रिहाई के लिए 7 घंटे बंद रहा पंजाब:कार सवार को थप्पड़ मारा, पुलिस-प्रदर्शनकारियों में बहस; हाईवे के साथ पिज्जा शॉप-क्लब, शोरूम बंद कराए
AI Sync — — अपराध
कौमी इंसाफ मोर्चा की ओर से शुक्रवार (21 अगस्त) को सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक पंजाब बंद रखा गया। बंद के दौरान बसों के साथ सभी प्राइवेट स्कूल बंद रहे। हालांकि ट्रेनों पर इसका कोई...
कौमी इंसाफ मोर्चा की ओर से शुक्रवार (21 अगस्त) को सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक पंजाब बंद रखा गया। बंद के दौरान बसों के साथ सभी प्राइवेट स्कूल बंद रहे। हालांकि ट्रेनों पर इसका कोई खास असर देखने को नहीं मिला। . खरड़-चंडीगढ़ हाईवे को बंद किया गया था। यहां ड्यूटी पर जाने वाले लोगों की मोर्चा के सदस्यों से बहस भी हुई। मोहाली में निहंगों ने पिज्जा शॉप बंद कराई। इसे साथ अमृतसर, पटियाला और लुधियाना में कौमी इंसाफ मोर्चा के सदस्यों ने खुली दुकानों को बंद करवाया। इससे पटियाला में माहौल तनावपूर्ण हो गया था। पुलिस मौके पर पहुंची। जालंधर में प्रदर्शनकारी ने कार सवार को थप्पड़ मार दिया था। कार सवार अस्पताल जा रहा था। रास्ते में रोकने को लेकर विवाद हो गया। वहीं, फरीदकोट में प्रदर्शनकारियों ने AAP विधायक डिंपी ढिल्लों की बस को रोक दिया था। बस को रोके जाने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और उसे वापस बस स्टैंड भेज दिया। अमृतसर और मोहाली में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बहस भी हुई। इस बीच चंडीगढ़ BJP के स्टेट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिली। ई-मेल में पंजाब बंद रखने और बंद के दौरान खुले रहने वाले शहरों में बम धमाके करने का भी जिक्र था। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और जांच शुरू की। मोर्चा सजा पूरी होने के बावजूद जेल में बंद सिखों की रिहाई और पूर्व CM बेअंत सिंह की हत्या के दोषी जगतार सिंह हवारा को पैरोल देने की मांग कर रहा है। दोपहर 2 बजे बंद का समय पूरा होने के बाद यातायात को सामान्य रूप से बहाल किया गया। अमृतसर के कंपनी बाग में निहंगों ने क्लब को बंद करवाया। अब पढ़िए कहां क्या हुआ…. जालंधर में जत्थेबंदियों और कार सवार में विवाद: जालंधर के मकसूदां की सर्विस रोड पर रास्ता रोकने को लेकर जत्थेबंदियों और कार सवार के बीच विवाद हो गया। कार सवार अस्पताल जाने की बात कह रहा था। उसने अस्पताल की रसीद दिखाते हुए बताया कि उसकी पत्नी की डायलसिस हो रही है, लेकिन दोनों पक्षों में बहस बढ़ गई। विवाद के दौरान दोनों तरफ से थप्पड़ चले। इसी बीच गुस्साए सिख व्यक्ति ने साथी से बरछा छीनकर हमला करने की कोशिश की। यहां पंजाब बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला। जालंधर के ज्योति चौक पर सुबह 7 से दोपहर 2 बजे तक दुकानें बंद रहीं। गोल्डन गेट पर पुलिस-प्रदर्शनकारियों में बहस: अमृतसर के गोल्डन गेट से लेकर हॉल गेट, हॉल बाजार और आसपास के प्रमुख बाजारों में ज्यादातर दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। गोल्डन टेंपल की ओर जाने वाले रास्तों पर भी दुकानें बंद दिखाई दीं। SGPC के दफ्तर और संस्थान भी बंद रहे। शहर के प्रमुख रास्तों और जीटी रोड पर भी बंद का असर देखने को मिला। इस दौरान बसों की आवाजाही भी प्रभावित रही। गोल्डन गेट के बाहर सिख संगठनों ने रास्ता बंद कर दिया, जिसे खुलवाने को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस हुई। पुलिस ने कहा कि यह गोल्डन टेंपल की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग है, इसलिए इसे पूरी तरह बंद नहीं किया जा सकता। इसके साथ पुलिस ने दमदमी टकसाल के रंजीत सिंह समेत कई लोगों को हिरासत में ले लिया। अमृतसर बस स्टैंड पर खड़ी बसें। बसें न चलने से यात्री परेशान हुए। खरड़-चंडीगढ़ हाईवे रखा बंद: मोहाली शहर से लेकर खरड़ और डेरा बस्सी तक अधिकतर दुकानें, शोरूम, प्राइवेट कॉलेज व स्कूल बंद रहे। चंडीगढ़ लुधियाना हाईवे को 2 बजे तक बंद रखा गया है। इसके अलावा सुबह 7 बजे के बाद हिमाचल, जम्मू और पंजाब से आई बसें खरड़ से आगे नहीं बढ़ पाईं। खरड़-चंडीगढ़ हाईवे को बंद किया गया। प्रदर्शनकारियों ने सिर्फ इमरजेंसी वाहनों को आगे जाने दिया। यहां ड्यूटी पर जा रहे एक व्यक्ति की प्रदर्शनकारियों से बहस भी हुई। खरड़-चंडीगढ़ हाईवे बंद करने पर ड्यूटी पर जा रहे शख्स की प्रदर्शनकारियों से बहस हुई। लुधियाना में पुलिस ने दुकानें बंद कराई: लुधियाना में ज्यादातर बाजार बंद रहे। शहर की प्रमुख मार्केट चौड़ा बाजार में कुछ दुकानें खुली तो पुलिस ने उन्हें बंद करवा दिया। कौमी इंसाफ मोर्चा के समर्थकों ने लाडोवाल टोल प्लाजा के पास नेशनल हाईवे पर चक्का जाम किया। जिसकी वजह से लोगों को ट्रैफिक जाम में फंसना पड़ा। इसके अलावा दुगरी में नहर वाले पुल पर भी चक्का जाम किया गया। समराला चौक व शहर के कई इलाकों में सिख संगठनों ने धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। शहर में ज्यादातर प्राइवेट स्कूल और कॉलेज बंद रहे, जबकि सरकारी स्कूल खुले रहे। चंडीगढ़ रोड और फिरोजपुर रोड पर 12 बजे तक वाहनों की आवाजाही सामान्य रही, लेकिन उसके बाद काम कौमी इंसाफ मोर्चा के सदस्यों ने कुछ समय के लिए जमालपुर के पास वाहनों की आवाजाही बंद की। लुधियाना में अपील के बाद दुकान बंद करता हुआ दुकानदार। पठानकोट में पंजाब बंद का खास असर नहीं: पंजाब बंद की कॉल का पठानकोट में खास असर देखने को नहीं मिला। शहर के सभी मुख्य बाजार सुबह करीब 10 बजे आम दिनों की तरह खुल गए। हालांकि, सरकारी स्कूलों के साथ कुछ निजी स्कूल भी बंद रहे। निजी स्कूल प्रबंधकों ने सुबह ही अभिभावकों को छुट्टी का मैसेज भेज दिया था। वहीं, बस स्टैंड पर आम दिनों के मुकाबले कम भीड़ नजर आई। पठानकोट-अमृतसर नेशनल हाईवे स्थित लदपालवां टोल प्लाजा पर प्रदर्शनकारियों ने धरना दिया। प्रदर्शन के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पंजाब बंद के PHOTOS… मोहाली में निहंगों ने बाइक पर चंडीगढ़ जा रहे युवक को रोका। कौमी इंसाफ मोर्चा के लोग जालंधर में दुकानें बंद करने की अपील करते हुए। अमृतसर में नारेबाजी करते हुए SGPC के सदस्य। मोहाली के YPS चौक पर वाहनों को रोकने के लिए बुजुर्ग महिला ने मोर्चा संभाला। पंजाब बंद के PHOTOS, हाईवे पर गाड़ियों की कतार पंजाब बंद के पल-पल अपडेट के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए… Source: Dainik Bhaskar
https://jgnews.live/article/sikhon-kee-rihaee-ke-lie-7-ghnte-bnd-rha-pnjab-kar-svar-ko