Nagaur News: मेड़ता में राव दूदाजी की अश्वारूढ़ प्रतिमा का आज होगा अनावरण, रक्षामंत्री और सीएम करेंगे शिरकत
AI Sync — — राजस्थान
वीरता, त्याग और गौरवशाली इतिहास की धरती मेड़ता आज एक ऐतिहासिक पल की साक्षी बनने जा रही है। मेड़ता शहर के संस्थापक माने जाने वाले वीर शिरोमणि राव दूदाजी राठौड़ की भव्य अश्वारूढ़...
वीरता, त्याग और गौरवशाली इतिहास की धरती मेड़ता आज एक ऐतिहासिक पल की साक्षी बनने जा रही है। मेड़ता शहर के संस्थापक माने जाने वाले वीर शिरोमणि राव दूदाजी राठौड़ की भव्य अश्वारूढ़ प्रतिमा का अनावरण बुधवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर पूरे शहर में उत्साह, उल्लास और ऐतिहासिक गौरव का माहौल बना हुआ है। रावदूदा गढ़ में आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह के लिए प्रशासन और आयोजन समिति ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। शहर के प्रमुख मार्गों पर सजावट की गई है, वहीं आयोजन स्थल को आकर्षक रूप से संवारा गया है। बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति को देखते हुए विशाल पांडाल तैयार किया गया है, जहां बैठक व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सुबह 11 बजे विशेष विमान से किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर के जरिए सुबह 11:25 बजे डांगावास हेलीपैड पहुंचेंगे। वहां से वे सीधे मेड़ता स्थित चारभुजानाथ मंदिर और मीरा मंदिर जाएंगे, जहां दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद राव दूदागढ़ पहुंचकर वीर शिरोमणि राव दूदाजी की अश्वारूढ़ प्रतिमा का विधिवत अनावरण करेंगे। प्रतिमा अनावरण के बाद रक्षा मंत्री सभा स्थल पहुंचेंगे और सुबह करीब 11:45 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और हजारों की संख्या में आमजन मौजूद रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रक्षा मंत्री दोपहर 2 बजे जोधपुर के लिए रवाना होंगे। ये भी पढ़ें: Jalore News: गांव-गांव विकास का मंत्र: किसानों से बोले भजनलाल शर्मा- रसायन छोड़ो, जैविक खेती अपनाओ सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और केंद्रीय रक्षा मंत्री की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। अजमेर रेंज पुलिस, स्थानीय प्रशासन और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। मंगलवार को संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ और अजमेर रेंज आईजी राजेंद्र चौधरी ने मेड़ता पहुंचकर मीरा स्मारक परिसर, सभा स्थल और प्रतिमा अनावरण स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान एडीएम चंपालाल जीनगर, एसडीएम पूनम चोयल सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे। सभा स्थल, मंदिर परिसर और वीआईपी मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा के लिहाज से मेटल डिटेक्टर, बैरिकेडिंग और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई है। पार्किंग और प्रवेश व्यवस्था को लेकर अलग-अलग सेक्टर बनाए गए हैं ताकि आमजन और वीआईपी मूवमेंट में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। पार्किंग और यातायात व्यवस्था में बदलाव कार्यक्रम के दौरान भारी भीड़ और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए प्रशासन ने शहर की यातायात व्यवस्था में विशेष बदलाव किए हैं। बाहरी क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। कई मार्गों पर यातायात डायवर्ट रहेगा ताकि सुरक्षा व्यवस्था और आमजन की सुविधा दोनों सुनिश्चित की जा सके। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें। पूरे शहर में पुलिस जाब्ता तैनात रहेगा तथा प्रमुख चौराहों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। राव दूदाजी राठौड़ को मेड़ता की स्थापना और वीरता की परंपरा का प्रतीक माना जाता है। उनकी अश्वारूढ़ प्रतिमा का अनावरण मेड़ता के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में देखा जा रहा है। शहरवासियों का मानना है कि यह आयोजन नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास और वीर परंपरा से जोड़ने का कार्य करेगा। Source: Amar Ujala Raj
https://jgnews.live/article/nagaur-news-med-ta-men-rav-doodajee-kee-ashvaroodh-prtima