चूरू: गणेश प्रतिमा खरीदने के बहाने ज्वेलरी शॉप से 7.20 लाख के गहने ले उड़ा बदमाश, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
AI Sync — — अपराध
शहर के पंखा रोड स्थित जगदम्बा ज्वैलर्स में गणेशजी की सोने की मूर्ति खरीदने के बहाने लाखों रुपए के आभूषण चोरी करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार करीब 22-23 साल का एक...
शहर के पंखा रोड स्थित जगदम्बा ज्वैलर्स में गणेशजी की सोने की मूर्ति खरीदने के बहाने लाखों रुपए के आभूषण चोरी करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार करीब 22-23 साल का एक युवक दुकान पर मूर्ति खरीदने के बहाने पहुंचा और काफी देर तक दुकानदार से बातचीत करता रहा। इसी दौरान मौका पाकर उसने दराज में रखी सोने की चेन और अन्य आभूषण अपनी जेब में डाल लिए और वहां से फरार हो गया। चोरी हुए आभूषणों की कीमत करीब 7 लाख 20 हजार रुपए बताई जा रही है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। दुकान संचालक के बेटे सुरेश सोनी के अनुसार युवक ने खुद को जोधपुर का निवासी बताते हुए कहा कि वह चूरू में मजदूरी करता है। फिर उसने गणेशजी की सोने की मूर्ति खरीदने की इच्छा जताई। दुकानदार ने उसे करीब 9,200 रुपए कीमत की एक मूर्ति दिखाई लेकिन युवक ने करीब 16 हजार रुपए कीमत वाली दूसरी मूर्ति लेने की बात कही। इसके बाद दुकानदार दूसरी मूर्ति दिखाने और उसे तैयार करने में जुट गया। इसी दौरान युवक की नजर दुकान में रखे सोने के आभूषणों पर थी। आरोप है कि दुकानदार का ध्यान दूसरी तरफ होने का फायदा उठाकर युवक ने दराज खोली और उसमें रखी सोने की चेन व अन्य आभूषण निकालकर अपनी पिछली जेब में छिपा लिए। ये भी पढ़ें: जयपुर में आज तीन जगह लगेंगी पेंशन अदालतें: मुख्य सचिव सुनेंगे सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याएं वारदात को अंजाम देने के बाद युवक ने दुकानदार को 500 रुपए दिए। उसने कहा कि 16 हजार रुपए कीमत वाली गणेशजी की मूर्ति तैयार रखी जाए, वह शाम को वापस आकर मूर्ति ले जाएगा। उसकी बातों पर उस समय दुकानदार को कोई संदेह नहीं हुआ और युवक वहां से चला गया। युवक के जाने के बाद जब दराज में रखे आभूषणों की जांच की गई तो सोने की चेन और अन्य गहने गायब मिले। इसके बाद दुकान संचालक को चोरी का पता चला। चोरी हुए आभूषणों की कीमत करीब 7.20 लाख रुपए आंकी गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आसपास के प्रतिष्ठानों और रास्तों पर लगे कैमरों की फुटेज के जरिए आरोपी के आने-जाने की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ने और चोरी किए गए आभूषण बरामद करने के प्रयास में जुटी है। Source: Amar Ujala Raj
https://jgnews.live/article/chooroo-gnesh-prtima-khreedne-ke-bhane-jvelree-sh-p-se-7-20