भ्रूण हत्या एवं गर्भपात मानवता के प्रति गम्भीर अपराध -- रामकिशोर तिवारी
मनोज पारीक — — राजस्थान
भुवालका बालिका विद्यालय में गर्भस्थ शिशु संरक्षण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामकिशोर तिवाड़ी ने सेमिनार में भ्रूण हत्या को मानवता के खिलाफ बड़ा अपराध बताया।
स्थानीय भगवानदेवी भुवालका राजकीय बालिका उ० मा० विद्यालय में गर्भस्थ शिशु संरक्षण समिति की शाखा के तत्त्वावधान में आयोजित सेमिनार में मुख्यवक्ता एवं समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामकिशोर तिवाड़ी ने विद्यालय की शिक्षक बहनों एव उच्च कक्षाओं की बालिकाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि गर्भपात एवं भ्रूण हत्या, सम्पूर्ण राष्ट्र एवं विश्व मानवता के विरुद्ध एक जघन्य अपराध है, जिसे केवल कानून से नहीं रोका जा सकता बल्कि इसके लिए पूरे समाज में जागरूकता लानी होगी और नारी समाज की इसमें महती भूमिका है। साथ ही उन्होंने यह कहा कि परिवार नियोजन व आधुनिकता के नाम पर केवल एक सन्तान पैदा करने का प्रचलन देश में चल पड़ा है, जो आगे चलकर अनेक दुष्परिणाम उत्पन्न करने वाला है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमन्त्री मोदीजी ने "बेटी बचाओ, बेटी पढाओ" का जो नारा देशवासियों के समक्ष प्रस्तुत किया है वह भी हमारी समिति के ही सत्प्रयासों का परिणाम है| समिति के शाखा अध्यक्ष ओम प्रकाश इन्दोरिया ने कहा कि आज की बालिकाएँ कल की माताएँ हैं, जिनकी बड़ी जिम्मेदारी केवल सन्तान को पैदा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने बच्चों को सुसंस्कार प्रदान करना है। संस्था की कार्यवाहक प्राचार्य सीमा शर्मा ने आगन्तुक अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बालिकाओं को इन विचारों को अपने जीवन में अधिकाधिक अपनाने हेतु प्रेरित किया।
https://jgnews.live/article/bhroon-htya-evn-grbhpat-manvta-ke-prti-gmbheer-apradh