भास्कर अपडेट्स:ओडिशा में विसर्जन जुलूस में डीजे बजा, तेज आवाज के कंपन से मकान का स्लैब गिरा, 1 की मौत 9 घायल
AI Sync — — अपराध
ओडिशा के खुर्दा ज़िले में गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान तेज़ आवाज़ वाले DJ म्यूजिक के वाइब्रेशन से एक घर का कंक्रीट स्लैब गिर गया, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और नौ अन्य...
ओडिशा के खुर्दा ज़िले में गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान तेज़ आवाज़ वाले DJ म्यूजिक के वाइब्रेशन से एक घर का कंक्रीट स्लैब गिर गया, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शनिवार रात को हुई, जब विसर्जन जुलूस जटनी इलाके से गुजर रहा था। मृतक की पहचान चिंटू बारिक के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि घायलों में से तीन को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि बाकी लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। आज की अन्य बड़ी खबरें… बंगाल सीएम ने कहा- यहां तिलक, शिखा, धोती और तुलसी की सरकार; भगवद्गीता पाठ कार्यक्रम में हिस्सा लिया कोलकाता में भगवद्गीता पाठ कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल के CM शुभेंदु अधिकारी ने सरकार को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा, “तिलक, शिखा, धोती, तुलसी की सरकार बंगाल में है। इसका मकसद गौमाता की रक्षा करना है।” उन्होंने आगे कहा कि बंगाल सरकार गौमाता की रक्षा करेगी और साधुओं का अपमान करने वाले किसी भी व्यक्ति को जेल भेजेगी। दिल्ली के हर्ष विहार की फैक्ट्री में भीषण आग लगी, 8 फायर टेंडर मौके पर पहुंचे दिल्ली के हर्ष विहार इलाके में रविवार सुबह एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। फायर विभाग को सुबह करीब 11:30 बजे आग की सूचना मिली, जिसके बाद 8 फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। असिस्टेंट डिविजनल फायर ऑफिसर दीपक हुड्डा ने बताया कि फायरकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। इससे पहले 25 सितंबर को दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में एक इमारत की दूसरी मंजिल पर आग लग गई थी। मौके पर 25 फायर टेंडर भेजे गए थे। सावधानी के तौर पर आसपास की इमारतों से लोगों को बाहर निकाला गया था। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आग पर काबू पा लिया गया था और इमारत के अंदर कोई फंसा नहीं था। ओडिशा में ₹9.24 करोड़ सरकारी फंड की हेराफेरी, 2 अधिकारी गिरफ्तार, 77 खातों में भेजी रकम ओडिशा विजिलेंस ने सरकारी फंड की कथित हेराफेरी के मामले में सेक्शन ऑफिसर बनलता मोहंती और जूनियर असिस्टेंट बिभुदत्त नायक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने 2022-23 से 2025-26 के बीच फर्जी मंजूरी आदेश और बिल बनाकर ₹9.24 करोड़ की रकम निजी बैंक खातों में भेजी। जांच में सामने आया कि फर्जी बिलों में अधिकृत लाभार्थियों की जगह आरोपियों के रिश्तेदारों और सहयोगियों के बैंक खाते दर्ज किए गए थे। कथित तौर पर 48 लोगों के 77 खातों में रकम भेजी गई। इनमें मोहंती के बेटे, ड्राइवर और सहयोगियों के अलावा नायक के भाई और रिश्तेदारों के खाते भी शामिल थे। बाद में इन खातों से कुछ रकम आरोपियों को ट्रांसफर की गई या कैश निकालकर दी गई। हेराफेरी का पता चलने के बाद प्रशासन ने कथित तौर पर ₹3.96 करोड़ की रकम बरामद कर ली। दोनों अधिकारियों समेत अन्य लोगों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 और BNS की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मामले की आगे जांच जारी है। असम में कॉकरोच पार्टी के आशुतोष रांका हिरासत में, समर्थकों के साथ काहिलीपारा जेल ले जाया गया असम के गुवाहाटी में कॉकरोच जनता पार्टी के मिलन कार्यक्रम में पहुंचे आशुतोष रांका को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उनके साथ 10 से ज्यादा समर्थकों को भी पकड़ा गया है। सभी को गुवाहाटी की काहिलीपारा जेल ले जाया गया। CJP ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि उसके समर्थकों को शांतिपूर्ण कार्यक्रम के बावजूद हिरासत में लिया गया। खाने के सामान में छिपाया 14.81 करोड़ का सोना, मुंबई एयरपोर्ट पर जब्त राजस्व निदेशालय (डीआरआई) ने दुबई से आए तीन यात्रियों से मुंबई एयरपोर्ट पर 9.40 किलो विदेशी मूल का सोना जब्त किया। इसकी कीमत 14.81 करोड़ रुपए है। सोने को पाउडर बनाकर दूध पाउडर, ओट्स, चॉकलेट स्प्रेड, आटा और नारियल दूध पाउडर में मिलाया गया था। देश में मौसम विज्ञान सेवाओं को कानूनी दायरे में लाने की तैयारी देश में मौसम विज्ञान सेवाएं जल्द कानूनी ढांचे के दायरे में आ सकती हैं। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की समिति ने प्रस्तावित व्यवस्था का जीरो ड्राफ्ट तैयार कर लिया है। चर्चा और जरूरी संशोधन के बाद इसे मंत्रालय को भेजा जाएगा। मंत्रालय ने संसदीय आश्वासन पूरा करने के लिए जुलाई 2027 तक समय मांगा है। दरअसल, कृषि, बिजली, जलाशय संचालन, परिवहन और आपदा प्रबंधन जैसे आर्थिक गतिविधियों से जुड़े तमाम फैसले मौसम के पूर्वानुमान से प्रभावित होते हैं। ऐसे में, ये अहम है कि मौसम से जुड़ी आधिकारिक सूचना कौन देगा। निजी मौसम एजेंसियां किस व्यवस्था के तहत काम करेंगी। जुलाई 2025 में राज्यसभा में सांसद एएम गोपछड़े के प्रश्न पर सरकार ने बताया था कि मौसम विज्ञान सेवाओं पर कानूनी ढांचे के लिए समिति गठित की है। Source: Dainik Bhaskar
https://jgnews.live/article/bhaskr-apdets-odisha-men-visrjn-juloos-men-deeje-bja-tej