भास्कर अपडेट्स:जंतर-मंतर पर आरक्षण विरोधी प्रदर्शनकारी जुटे,आर्थिक आधार पर आरक्षण और क्रीमी लेयर लागू करने की मांग
AI Sync — — अपराध
Hindi News National Hyderabad: Jansena MP Son Sanjush Detained In Fatal Car Accident Case भास्कर अपडेट्स: जंतर-मंतर पर आरक्षण विरोधी प्रदर्शनकारी जुटे,आर्थिक आधार पर आरक्षण और...
Hindi News National Hyderabad: Jansena MP Son Sanjush Detained In Fatal Car Accident Case भास्कर अपडेट्स: जंतर-मंतर पर आरक्षण विरोधी प्रदर्शनकारी जुटे,आर्थिक आधार पर आरक्षण और क्रीमी लेयर लागू करने की मांग 14 मिनट पहले कॉपी लिंक दिल्ली के जंतर-मंतर पर शुक्रवार ( 21 अगस्त) को जाति आधारित आरक्षण के खिलाफ सैकड़ों लोग जुटे। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सरकारी मदद और आरक्षण का आधार जाति के बजाय आर्थिक स्थिति हो। प्रदर्शनकारियों ने मौजूदा आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा करने और क्रीमी लेयर का प्रावधान लागू करने की मांग की। उन्होंने शिक्षा, कोचिंग और दूसरी जरूरतों के लिए गरीब लोगों को जाति से अलग मदद देने की बात कही। यह प्रदर्शन इंस्टाग्राम पेज रिजर्वेशन हटाओ आंदोलन के आह्वान पर हुआ। पेज पर बाद में लोगों से जंतर-मंतर पर आकर प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की गई थी। आज की अन्य बड़ी खबरें… सुप्रीम कोर्ट ने एंट्री-लेवल ज्यूडिशियल परीक्षा के लिए 3 साल की अनिवार्य वकालत की शर्त को घटाकर एक साल किया सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को एंट्री-लेवल ज्यूडिशियल सर्विस परीक्षा में शामिल होने के लिए पहले से अनिवार्य तीन साल की वकालत की शर्त को घटाकर एक साल कर दिया। हालांकि, चुने गए उम्मीदवारों को ज्यूडिशियल एकेडमी में ट्रेनिंग और उसके बाद एक साल की क्लर्कशिप करनी होगी। चीफ जस्टिस सूर्य कांत और जस्टिस ए जी मसीह और के विनोद चंद्रन की बेंच ने 2:1 के बंटे हुए फैसले में यह बात कही। पिछले साल 20 मई को, तत्कालीन चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया बी आर गवई (अब रिटायर) की अध्यक्षता वाली बेंच ने नए लॉ ग्रेजुएट को एंट्री-लेवल ज्यूडिशियल सर्विस परीक्षा में बैठने से रोक दिया था और कम से कम तीन साल की वकालत की शर्त तय की थी। हैदराबाद में कार की टक्कर से महिला की मौत मामले में सांसद के बेटे पर केस, पुलिस ने नोटिस भेजा हैदराबाद के माधापुर इलाके में 16 अगस्त को हुए सड़क हादसे में 26 साल की महिला की मौत हो गई थी। पुलिस ने हादसे के मामले में आंध्र प्रदेश से जनसेना पार्टी के राज्यसभा सांसद और उद्योगपति लिंगमानेनी रमेश के 21 साल बेटे लिंगमानेनी संजुश को आरोपी बनाया है और नोटिस जारी किया गया है। माधापुर के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) सी. श्रीधर ने बताया कि संजुश को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है। यह जमानती अपराध है और इसमें अधिकतम सजा सात साल से कम है। आरोपी को नोटिस जारी किया गया है। मेकअप आर्टिस्ट को अगवा करने वाले छह दोषियों को उम्रकैद दिल्ली की अदालत ने 23 वर्षीय मेकअप आर्टिस्ट अभिषेक खेत्रपाल को फिरौती के लिए अगवा करने वाले छह लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। मामला 2016 का है। अदालत ने हर दोषी पर 50 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट एंड सेशन जज पंकज गुप्ता ने वसीम अंसारी, दीपक उर्फ दीपु, विनोद कुमार, नासिर अली, नीरज शर्मा और रिजवान को आपराधिक साजिश और फिरौती के लिए अपहरण का दोषी ठहराया था। अदालत ने 17 अगस्त के आदेश में सजा सुनाई। यह मामला 20 अक्टूबर 2016 का है। अभिषेक खेत्रपाल को द्वारका के रैडिसन ब्लू होटल के पास से अगवा किया गया था। उन्हें करीब तीन दिन तक बंधक बनाकर रखा गया और 23 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के एक घर से बचाया गया। दिल्ली के करोल बाग में इमारत ढही, एक की मौत दिल्ली के करोल बाग इलाके में शुक्रवार सुबह 11:15 बजे तोड़फोड़ के दौरान दो मंजिला इमारत गिर गई। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हुए। यह घटना रिगरपुरा की प्यारे लाल रोड पर हुई। यहां मजदूर पुरानी इमारत को गिराने का काम कर रहे थे। अधिकारियों के मुताबिक, इमारत मालिकों ने यह काम एक निजी ठेकेदार को सौंपा था। पुलिस के मुताबिक, मालिक ने इमारत गिराने के लिए संबंधित एजेंसी से अनुमति नहीं ली थी। तोड़फोड़ के दौरान इमारत अचानक गिर गई और वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में फंस गए। RSS की बैठक में जनसंख्या असंतुलन, फर्टिलिटी रेट और युवा आबादी पर चर्चा विशाखापट्टनम में RSS की तीन दिन चली अखिल भारतीय समन्वय बैठक में जनसंख्या असंतुलन, घटती फर्टिलिटी रेट और भारत की युवा आबादी पर चर्चा की गई। RSS नेता सी आर मुकुंदा ने कहा कि बैठक में भारत में बदलती डेमोग्राफी पर चर्चा हुई। डेमोग्राफी में बदलाव पूरी दुनिया में बहुत बड़ी चुनौती है। कई देश बढ़ती उम्र की आबादी (एजिंग पॉपुलेशन) की चुनौती का सामना कर रहे हैं। भारत के पास अभी दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी है और साथ ही इसकी कुल आबादी भी दुनिया में सबसे ज़्यादा है।लेकिन विशेषज्ञों ने आगाह किया है कि अगले तीन से चार दशकों में देश को बढ़ती उम्र की आबादी के संकट का सामना करना पड़ सकता है। तिरुमला के जंगलों में जानवरों की निगरानी करेगा रोबोटिक डॉग तिरुमला के जंगलों में जानवरों पर रोबोटिक डॉग नजर रखेंगे। ये रोबोट जानवरों की रियल-टाइम ट्रैकिंग करेंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। रोबोटिक डॉग में कैमरे, सेंसर और AI मौजूद है। अंधेरे और कोहरे में भी लाइव वीडियो और अलर्ट भेजेगा। तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) इन रोबोटिक डॉग की टेस्टिंग कर रही है। मंदिर के आस-पास अक्सर तेंदुओं की हलचल देखी जाती है। मंदिर के रास्ते में 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन और लाइट्स लगाए गए हैं. सुप्रीम कोर्ट ने 105 साल के कैदी को रिहा किया, उम्रकैद की सजा माफ सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को हत्या के आरोप में बंद 105 साल के कैदी को रिहा किया। कोर्ट ने कैदी की उम्र को देखते हुए केस बंद कर दिया और बची हुई सजा माफ कर दी। 1994 में 68 साल की उम्र में रसिक चंद्र मंडल को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। 29 नवंबर 2024 को उन्हें जमानत मिली। कोर्ट ने रसिक चंद्र की स्वास्थ्य समस्याएं देखते हुए उनकी सजा माफ कर दी। जम्मू में वैष्णो देवी यूनिवर्सिटी की बस ब्रेक फेल होने से दुर्घटनाग्रस्त, 15 घायल जम्मू जिले के झज्जर कोटली इलाके में वैष्णो देवी यूनिवर्सिटी की स्टाफ बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 15 लोग घायल हुए हैं। एक अधिकारी के मुताबिक, हादसा बस के ब्रेक फेल होने की वजह से हुआ। हादसे के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। 4 नाबालिगों से यौन शोषण के दोषी उपदेशक को 4 बार मौत की सजा, आरोपी प्रार्थना चर्च चलाता था तमिलनाडु के तिरुनेलवेली की विशेष पॉक्सो कोर्ट ने चार नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण के दोषी 47 साल के उपदेशक एस. अब्राहम को चार बार मौत की सजा सुनाई। वह एक प्रार्थना चर्च चलाता था। अब्राहम 8, 12 और 13 साल की बच्चियों को नैतिक शिक्षा और बाइबिल की कक्षाओं के बहाने बुलाता था। अपराध के बाद उन्हें किसी को बताने पर धमकी देता था। माता-पिता की शिकायत पर अब्राहम को 5 जुलाई 2022 को गिरफ्तार किया गया था। गुरुवार को कोर्ट ने अपराध को ‘दुर्लभतम में दुर्लभ’ मानते हुए हर पीड़िता के मामले में एक-एक मौत की सजा सुनाई। कोर्ट ने कुल 52 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। साथ ही तमिलनाडु सरकार को चारों नाबालिगों को को 10-10 लाख रुपए मुआवजा देने का निर्देश दिया। YSRCP सांसद अविनाश रेड्डी के ठिकानों पर ED की रेड, विवेकानंद रेड्डी हत्याकांड से जुड़ा मनी लॉन्ड्रिंग केस प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने YSRCP सांसद वाईएस अविनाश रेड्डी, उनके पिता वाईएस भास्कर रेड्डी समेत कुछ लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की। हैदराबाद और कडप्पा में कुल 6 जगह तलाशी ली गई। यह कार्रवाई पूर्व आंध्र प्रदेश मंत्री वाईएस विवेकानंद रेड्डी की 2019 में हुई हत्या से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में PMLA के तहत की गई। विवेकानंद रेड्डी की मार्च 2019 में कडप्पा के पुलिवेंदुला स्थित घर में हत्या हुई थी। CBI ने 2020 में जांच संभाली और हत्या की साजिश में कई लोगों की भूमिका का आरोप लगाया। दिल्ली के करोल बाग में कार का शीशा तोड़कर 2 करोड़ की ज्वेलरी चोरी दिल्ली के करोल बाग में चोरों ने कार का पिछला शीशा तोड़कर 2 करोड़ रुपए से ज्यादा की सोने और हीरे की ज्वेलरी चोरी कर ली। ज्वेलरी कारोबारी कन्हैया लाल 18 अगस्त को बेटे और कर्मचारी के साथ दिल्ली आए थे। 19 अगस्त को वे आर्य समाज रोड पर कार खड़ी कर पास के रेस्टोरेंट में खाना खाने गए। शाम करीब 7:15 बजे लौटने पर कार का शीशा टूटा मिला और 3 बैग व एक सूटकेस गायब थे। बैगों में 2 करोड़ से ज्यादा की ज्वेलरी, लैपटॉप और जरूरी दस्तावेज थे। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और यह भी जांच कर रही है कि कहीं आरोपियों ने कारोबारी का पीछा तो नहीं किया था। मणिपुर में 27 करोड़ की ड्रग्स के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार मणिपुर के जिरीबाम जिले में सुरक्षा बलों ने 27 करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत की ड्रग्स के साथ 6 तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से की। यह ऑपरेशन गुरुवार को तुपीधार इलाके में चलाया गया। बाराक नदी के रास्ते तस्करों के आने की सूचना मिलने पर असम राइफल्स ने एक नाव को रोका। नाव में सवार लोगों ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद जवानों ने उनका पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान एल्बेथेल लुंगताऊ, पाना हमार, डेंथार हमार, लालतियुंगलियन हमार, लाल रामथार हमार और थौना हमार के रूप में हुई है। मुंबई में घरों पर गिरी क्रेन, 5 मकान क्षतिग्रस्त; 9 घायल मुंबई के कुर्ला में डिमोलिशन के दौरान एक क्रेन पास के घरों पर गिर गई। हादसे में 4-5 मकान क्षतिग्रस्त हुए और 9 लोग घायल हो गए। 2 घायलों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे में अभी तक किसी की मौत की सूचना नहीं है। राहत और बचाव कार्य जारी है। हादसे का असर ट्रेन सेवाओं पर नहीं पड़ा है और रेल परिचालन सामान्य बताया गया है। केरलम में सबसे बड़े MDMA नेटवर्क का खुलासा, 9 गिरफ्तार केरलम आबकारी विभाग ने राज्य के सबसे बड़े सिंथेटिक ड्रग नेटवर्क का खुलासा करते हुए 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें कोझिकोड की 2 महिलाएं भी शामिल हैं। आरोप है कि केबी कॉर्टेल हर महीने 5 से 20 किलो MDMA केरल में लाने की तैयारी कर रहा था। मामला 3.5 किलो MDMA के साथ एक 20 साल की महिला और एक युवक की गिरफ्तारी से शुरू हुआ। इसके बाद महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु तक जांच की गई। अधिकारियों ने गुप्त तरीके से ऑपरेशन चलाकर नेटवर्क से जुड़े लोगों को पकड़ा। इनमें कई आरोपी दूसरे राज्यों में दर्ज नशीले पदार्थों के मामलों में भी वांटेड थे। अलास्का में 8 लोगों को ले जा रहा विमान क्रैश, लैंडिंग के दौरान हादसा; सर्च ऑपरेशन शुरू अमेरिका के अलास्का में गुरुवार को एक चार्टर विमान हादसे का शिकार हो गया। विमान में 8 लोग सवार थे। हादसा पश्चिमी अलास्का में एक रडार स्टेशन के पास हुआ। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, विमान में 2 पायलट और 6 यात्री थे। अभी यह पता नहीं चला है कि हादसे में किसी की मौत हुई है या कोई घायल हुआ है। विमान ने एंकरेज से उड़ान भरी थी। अधिकारियों के मुताबिक, यह केप न्यूएनहम के पास उतरते समय क्रैश हुआ। हादसे की खबर मिलते ही खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। बचाव दल विमान और उसमें सवार लोगों की तलाश कर रहा है। अधिकारियों ने कहा कि अभी मिली जानकारी शुरुआती है। हादसे की वजह और यात्रियों की स्थिति के बारे में ज्यादा जानकारी जांच के बाद सामने आएगी। ED ने ताशी ग्रुप के 7 ठिकानों पर छापे मारे, 600 होमबायर्स से 386 करोड़ की ठगी का आरोप प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 19-20 अगस्त को दिल्ली-NCR में ताशी ग्रुप से जुड़े 7 ठिकानों पर छापेमारी की। जांच गुरुग्राम के सेक्टर-111 और सेक्टर-68 के प्रोजेक्ट्स में कथित होमबायर धोखाधड़ी से जुड़ी है। ED के मुताबिक, ग्रुप ने 600 से ज्यादा खरीदारों से करीब 386 करोड़ रुपए लिए, लेकिन 10-15 साल बाद भी उन्हें घरों का कब्जा नहीं दिया। छापेमारी में दस्तावेज, वित्तीय रिकॉर्ड और डिजिटल डेटा मिले। 22 लाख रुपए के बैंक बैलेंस और FDR के साथ एक लग्जरी कार फ्रीज/जब्त की गई है। मामले में जांच जारी है। मुंबई में कुर्ला- ट्रॉम्बे के बीच रेल लाइन पर क्रेन गिरी मुंबई में MMRDA (मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण) की एक क्रेन कुर्ला और ट्रॉम्बे के बीच रेलवे लाइन पर गिर गई। क्रेन पास के निर्माण स्थल पर काम कर रही थी। हालांकि ट्रेन सेवा पर कोई असर नहीं पड़ा, क्योंकि इस ट्रैक पर मुख्य रूप से मालगाड़ियां चलती हैं। लॉरेंस ग्रुप से जुड़ा भारतीय नागरिक अमेरिका में वॉन्टेड लिस्ट में अमेरिका की FBI ने लॉरेंस ग्रुप से जुड़े भारतीय नागरिक ‘कमल’ को वॉन्टेड भगोड़ों की सूची में शामिल किया है। FBI के मुताबिक, यह संगठन अमेरिका के कैलिफोर्निया और अन्य जगहों पर जबरन वसूली के जरिए कारोबार में दखल देने की साजिश में शामिल था। कमल का पूरा नाम FBI की नोटिस में नहीं बताया गया है। उसके खिलाफ 1 जुलाई 2026 को लॉस एंजिल्स की अमेरिकी जिला अदालत ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। पूर्व सेना प्रमुख बोले- भविष्य में चीन से राजनीतिक, आर्थिक पहलुओं पर प्रतिस्पर्धा होगी पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज नरवणे ने गुरुवार को पुणे में कहा कि आतंकवाद के कारण भारत का तत्काल ध्यान पाकिस्तान पर है, लेकिन लंबे समय में चीन भारत का मुख्य प्रतिस्पर्धी होगा। चीन से राजनीतिक, आर्थिक, व्यापार और सैन्य समेत कई क्षेत्रों में प्रतिस्पर्धा होगी। भारत को बातचीत के साथ मजबूत सैन्य तैयारी बनाए रखना चाहिए। सरकार का टेलीकॉम कंपनियों को निर्देश- 24 अगस्त से ग्राहकों को नए सिम न दें जिनके पास पहले से 9 कनेक्शन टेलीकॉम विभाग ने टेलीकॉम ऑपरेटरों को निर्देश दिया है कि वे उन ग्राहकों को नए कनेक्शन न दें जिनके नाम पर पहले से ही नौ मोबाइल सिम हैं। टेलीकॉम कंपनियों को 24 अगस्त से तय सीमा से ज्यादा सिम लेने वाले ग्राहकों की पहचान करने और उन्हें नया सिम देने से रोकने के लिए जरूरी तकनीकी व संगठनात्मक व्यवस्था करने को कहा गया है। . Source: Dainik Bhaskar
https://jgnews.live/article/bhaskr-apdets-jntr-mntr-pr-aarkshn-virodhee-prdrshnkaree