Balotra News: दिनदहाड़े फायरिंग और युवती के अपहरण की कोशिश का सनसनीखेज खुलासा, प्रेम संबंध बना वजह, 4 गिरफ्तार
AI Sync — — अपराध
जिले में दिनदहाड़े घर में घुसकर फायरिंग, हमला और युवती के अपहरण की कोशिश के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के रनिया देशीपुरा गांव में हुई इस...
जिले में दिनदहाड़े घर में घुसकर फायरिंग, हमला और युवती के अपहरण की कोशिश के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के रनिया देशीपुरा गांव में हुई इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत फैल गई थी। अब पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच और लगातार पीछा करते हुए पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश कर दिया है। मामले में वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन बरामद कर एक मुख्य आरोपी सहित चार बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक रमेश ने बताया कि मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूलसिंह और पचपदरा वृताधिकारी विकास कुमार के सुपरविजन में की गई। थाना कल्याणपुर के थानाधिकारी भंवरसिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। ऐसे हुई थी खौफनाक वारदात जानकारी के अनुसार 1 अप्रैल की शाम रनिया देशीपुरा गांव निवासी नारायणराम के घर के बाहर दो काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो गाड़ियां आकर रुकीं। कुछ ही देर में उनमें से 10 से 12 नकाबपोश युवक नीचे उतरे। उनके हाथों में पिस्टल, लाठियां और लोहे के पाइप थे। आरोपियों ने पहले फायरिंग का प्रयास किया और फिर जबरन घर में घुस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाशों ने परिवार के लोगों के साथ मारपीट की और घर में मौजूद युवती को जबरन उठाकर ले जाने की कोशिश की। इसी दौरान गांव के लोग मौके पर एकत्रित हो गए, जिससे आरोपियों की योजना विफल हो गई। भीड़ बढ़ती देख आरोपी दोनों स्कॉर्पियो वाहनों में सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल और एमओबी टीम को मौके पर बुलाया। घटनास्थल से आरोपियों द्वारा गिराई गई पिस्टल की मैगजीन सहित कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी इनपुट का विश्लेषण शुरू किया। जांच में सामने आया कि वारदात पूरी तरह योजनाबद्ध थी और युवती का जबरन अपहरण कर विवाह कराने की साजिश रची गई थी। ये भी पढ़ें: Udaipur News: गोगुंदा में कांग्रेस को बड़ा झटका, 4 सरपंचों समेत 51 समर्थकों ने भाजपा का दामन थामा पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पूरे षड्यंत्र का मुख्य सूत्रधार दिनेश पटेल नामक युवक है। बताया गया कि दिनेश पहले युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। उस समय युवती के परिजनों ने थाना कल्याणपुर में गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। बाद में पुलिस ने युवती को दस्तयाब किया, जहां उसने अपने परिवार के साथ रहने की इच्छा जताई। इसके बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस के अनुसार युवती के परिवार के पास लौटने से नाराज होकर दिनेश पटेल ने युवती पर जबरन विवाह का दबाव बनाने के लिए अपहरण की साजिश रची। जांच में यह भी सामने आया कि दिनेश पटेल ने इस वारदात के लिए सेना से भगोड़े बताए जा रहे नरपतसिंह से संपर्क किया और उसे युवती के अपहरण के बदले मोटी रकम का लालच दिया। इसके बाद नरपतसिंह ने अपनी गैंग तैयार की और अलग-अलग लोगों को पैसे का प्रलोभन देकर वारदात में शामिल किया। योजना के तहत एक स्कॉर्पियो वाहन जोधपुर से किराए पर लिया गया, जबकि दूसरा वाहन गैंग से जुड़े सुरेंद्रसिंह सोढ़ा का बताया गया। पहचान छिपाने के लिए दोनों वाहनों की नंबर प्लेट हटा दी गई थी। घटना के दौरान जब ग्रामीणों की भीड़ बढ़ने लगी तो आरोपी नरपतसिंह ने पिस्टल से फायर करने की कोशिश की, लेकिन फायर मिस हो गया। इसी दौरान पिस्टल की मैगजीन भी घटनास्थल पर गिर गई। अफरा-तफरी के बीच सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस का मानना है कि यदि उस समय ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्रित नहीं होते तो आरोपी युवती का अपहरण करने में सफल हो सकते थे। पुलिस ने ऐसे दबोचे आरोपी वारदात के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदलते रहे और गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग स्थानों पर छिपते रहे लेकिन पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, मुखबिर तंत्र और तकनीकी निगरानी के आधार पर आखिरकार चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन भी बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में चेलाराम उर्फ सिकीया निवासी चारणों का बाड़ा, समदड़ी शामिल है। बाकी तीन आरोपियों को फिलहाल बापर्दा रखा गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। Source: Amar Ujala Raj
https://jgnews.live/article/balotra-news-dindhad-e-phayring-aur-yuvtee-ke-aphrn-kee