Jaipur News: पेट्रोल पंपों की औचक जांच में 3 पंपों के नोजल सीज, हजारों लीटर की आपूर्ति में घोटाला

 Jaipur News: पेट्रोल पंपों की औचक जांच में 3 पंपों के नोजल सीज, हजारों लीटर की आपूर्ति में घोटाला

AI Sync — अपराध

उपभोक्ता हितों की सुरक्षा के लिए राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए पेट्रोल पंपों पर व्यापक जांच अभियान चलाया। उपभोक्ता मामलात मंत्री सुमित गोदारा के निर्देशानुसार सोमवार को जयपुर...

उपभोक्ता हितों की सुरक्षा के लिए राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए पेट्रोल पंपों पर व्यापक जांच अभियान चलाया। उपभोक्ता मामलात मंत्री सुमित गोदारा के निर्देशानुसार सोमवार को जयपुर जिले में विधिक माप विज्ञान अधिनियम-2009 एवं राजस्थान विधिक माप विज्ञान (प्रवर्तन) नियम-2011 के तहत तीन जांच दलों ने अजमेर रोड, सीकर रोड और दिल्ली रोड पर स्थित कुल 15 पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान तीन पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों को कम पेट्रोल-डीजल दिए जाने की गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। नींदड़, हरमाड़ा स्थित मैसर्स विनायक इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर प्रति 5 लीटर आपूर्ति में 25 से 30 मिलीलीटर तक कम डीजल दिया जा रहा था। यहां प्रतिदिन लगभग 8000 लीटर डीजल की बिक्री होती है, जिससे रोजाना करीब 45 लीटर और मासिक लगभग 1350 लीटर डीजल की कमी सामने आई, जिसकी कीमत एक लाख रुपए से अधिक आंकी गई। इसी तरह शाहपुरा के पुराना दिल्ली रोड स्थित झंडी प्रसाद परमेश्वर लाल पेट्रोल पंप पर प्रति 5 लीटर आपूर्ति में लगभग 30 मिलीलीटर की कमी पाई गई। यहां रोजाना करीब 4500 लीटर पेट्रोल-डीजल की बिक्री होती है, जिससे प्रतिदिन 27 लीटर और महीने में लगभग 810 लीटर की कमी दर्ज की गई, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपए है। बगरू रीको इंडस्ट्रियल एरिया स्थित महेन्द्र शर्मा एंड कंपनी पेट्रोल पंप पर भी एक नोजल से प्रति 5 लीटर पर लगभग 40 मिलीलीटर पेट्रोल कम दिया जा रहा था। यहां रोजाना 5000 लीटर की खपत के आधार पर प्रतिदिन 40 लीटर और मासिक करीब 1200 लीटर पेट्रोल की कमी सामने आई, जिसकी कीमत भी एक लाख रुपए से अधिक है। विभाग ने इन तीनों पेट्रोल पंपों के नोजल सीज कर दिए। साथ ही आमेर स्थित हाईवे सर्विस स्टेशन को विभिन्न अनियमितताओं के चलते नोटिस जारी किया गया। कार्रवाई के दौरान कुल 37,000 रुपए का जुर्माना भी वसूला गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को सही माप-तौल सुनिश्चित करना प्राथमिकता है और आगे भी पूरे राजस्थान में ऐसे निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

https://jgnews.live/article/69fa26b013cde39ddd338942